अमृत भारत स्टेशन योजना से बदली महाराजा छत्रसाल रेलवे स्टेशन की तस्वीर
आधुनिक सुविधाओं के साथ बुंदेलखंड की सांस्कृतिक पहचान को मिला नया आयाम 16 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से हुआ व्यापक कायाकल्प, आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ स्टेशन बना बुंदेलखंड का नया प्रवेश द्वार

छतरपुर, 14 जुलाई 2026। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक नगर छतरपुर स्थित महाराजा छत्रसाल रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। आधुनिक अधोसंरचना, अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं और बुंदेलखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के समन्वय से स्टेशन को नया स्वरूप दिया गया है। अब यह स्टेशन न केवल यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान और पर्यटन को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
बुंदेलखंड के महान योद्धा महाराजा छत्रसाल के नाम पर स्थापित यह रेलवे स्टेशन खजुराहो, पन्ना, ओरछा और आसपास के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण रेल प्रवेश द्वार है। वर्षों से क्षेत्र की सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों का केंद्र रहे इस स्टेशन का कायाकल्प अब विकास की नई कहानी लिख रहा है।
16 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से हुआ व्यापक विकास
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन के पुनर्विकास पर लगभग 6.50 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए 12 मीटर चौड़े नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण लगभग 10.27 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। दोनों परियोजनाओं का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है।
आधुनिक स्टेशन भवन में दिखेगी बुंदेलखंड की सांस्कृतिक छाप
स्टेशन भवन का लगभग 8,000 वर्गमीटर क्षेत्र में नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण किया गया है। भवन के अग्रभाग को आकर्षक वास्तुकला के साथ विकसित किया गया है, जिसमें बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत की झलक स्पष्ट दिखाई देती है। आधुनिक प्रवेश द्वार, खुले परिसर और बेहतर यात्री आवागमन व्यवस्था स्टेशन को नई पहचान दे रहे हैं।
यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
स्टेशन पर लगभग 1,100 वर्गमीटर क्षेत्रफल में आधुनिक प्रतीक्षालय विकसित किया गया है, जिसमें आरामदायक बैठने की व्यवस्था, बेहतर रोशनी और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा लगभग 225 वर्गमीटर क्षेत्र में आधुनिक शौचालयों का निर्माण एवं उन्नयन किया गया है।
यात्रियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली पेयजल व्यवस्था, वाटर कूलर, पर्याप्त डस्टबिन और स्वच्छता सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
प्लेटफॉर्म और प्रकाश व्यवस्था का हुआ आधुनिकीकरण
दोनों प्लेटफॉर्मों का व्यापक उन्नयन करते हुए लगभग 960 वर्गमीटर क्षेत्र में नई सरफेसिंग और प्लेटफॉर्म शेल्टर तैयार किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर फर्श, पर्याप्त शेड और आधुनिक बैठने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
पूरे स्टेशन परिसर में—
520 एलईडी ल्यूमिनेयर
190 फेसाड लाइट
36 सजावटी पोल
28 सोलर स्ट्रीट लाइट
2 हाई मास्ट लाइट
स्थापित की गई हैं, जिससे स्टेशन की सुरक्षा, रोशनी और सौंदर्य में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।


