ग्वालियर से निर्यात बढ़ाने की दिशा में तेज होंगे प्रयास
डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल की बैठक में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से मंथन, जल्द होगी विशेष कार्यशाला

ग्वालियर, 16 जुलाई। ग्वालियर जिले से निर्यात को नई गति देने और स्थानीय उद्योगों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (DEPC) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें औद्योगिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ निर्यात बढ़ाने की संभावनाओं और आवश्यक रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अपर कलेक्टर कुमार सत्यम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भोपाल जोन के संयुक्त संचालक अभिषेक शर्मा, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (डीआईसी) के महाप्रबंधक सुनील बाबू त्रिपाठी, केंद्र एवं प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने जिले से निर्यात बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित योजनाओं और सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि शीघ्र ही ग्वालियर में औद्योगिक प्रतिनिधियों के लिए एक विशेष एक्सपोर्ट अवेयरनेस वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला के माध्यम से उद्योगपतियों और व्यापारियों को निर्यात प्रक्रिया, सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं, उपलब्ध सुविधाओं तथा निर्यात में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की जानकारी दी जाएगी, जिससे जिले के उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
भोपाल जोन के संयुक्त संचालक अभिषेक शर्मा ने कहा कि ग्वालियर जिले में निर्यात की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि 'एक जिला–एक उत्पाद (ODOP)' योजना के अंतर्गत ग्वालियर का स्टोन (पत्थर) पहले से ही बड़ी मात्रा में निर्यात किया जा रहा है और इसके निर्यात को और अधिक बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सुनील बाबू त्रिपाठी ने भी विभाग द्वारा निर्यात संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए उद्योगों को अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
बैठक का निष्कर्ष यही रहा कि प्रशासन, उद्योग जगत और शासन के समन्वित प्रयासों से ग्वालियर को निर्यात के क्षेत्र में एक मजबूत औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।



