ग्वालियर में विकसित हो रहा देश का एकीकृत टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग एवं टेस्टिंग हब

टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में भूखंड आवंटन के लिए EOI आमंत्रित

3 से 11 सितम्बर तक कर सकेंगे आवेदन

ग्वालियर 03 सितम्बर 2026/ दूरसंचार क्षेत्र में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में ग्वालियर को एक नई पहचान मिलने जा रही है। भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (Department of Telecommunications) और मध्यप्रदेश शासन के संयुक्त सहयोग से ग्वालियर में Telecom Manufacturing Zone (TMZ) विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्वालियर को देश के एकीकृत टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग एवं टेस्टिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करना है।
    टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन को 170 एकड़ से अधिक भूमि पर विकसित किया जा रहा है। यहां विभिन्न श्रेणियों के कुल 50 भूखंड विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें IT Park (SWEFARM) तथा SADA (कुलेठा) क्षेत्र शामिल हैं। निवेशकों एवं उद्योगों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप औद्योगिक, MSME, PNP (Plug & Play), लॉजिस्टिक्स/वेयरहाउसिंग सहित अन्य श्रेणियों में भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार TMZ के IT Park (SWEFARM) क्षेत्र का कुल नेट प्लानिंग एरिया 36.59 हेक्टेयर (90.41 एकड़) तथा SADA (कुलेठा) क्षेत्र का नेट प्लानिंग एरिया 39.45 हेक्टेयर (97.5 एकड़) है। दोनों क्षेत्रों में मिलाकर कुल 50 भूखंड विकसित किए जा रहे हैं। इनमें IT Park क्षेत्र में 35 तथा SADA क्षेत्र में 15 भूखंड शामिल हैं।
विभिन्न श्रेणियों में भूखंड उपलब्ध
    TMZ में बड़े उद्योगों के साथ-साथ MSME एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करने की योजना है। IT Park क्षेत्र में औद्योगिक श्रेणी के 5, MSME के 24, लॉजिस्टिक्स/वेयरहाउसिंग के 3, प्लॉटेड इंडस्ट्री के 1, कमर्शियल के 1 तथा रेजिडेंशियल श्रेणी का 1 भूखंड शामिल है। वहीं SADA क्षेत्र में औद्योगिक श्रेणी के 2, MSME के 6, PNP (Plug & Play) के 4, प्लॉटेड इंडस्ट्री के 1, कमर्शियल के 1 तथा रेजिडेंशियल श्रेणी का 1 भूखंड विकसित किया जा रहा है।

3 सितम्बर से 11 सितम्बर तक EOI

    TMZ में भूखंड आवंटन के लिए Expression of Interest (EOI) आमंत्रित किया गया है। इच्छुक निवेशक 3 सितम्बर 2026 को प्रातः 10 बजे से 11 सितम्बर 2026 को शाम 6 बजे तक ऑनलाइन EOI प्रस्तुत कर सकते हैं।
    इच्छुक निवेशक EOI के लिए मध्यप्रदेश शासन के निवेश पोर्टल पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इस पहल से ग्वालियर में टेलीकॉम एवं इलेक्ट्रॉनिक्स आधारित उद्योगों के विस्तार, निवेश के नए अवसरों तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को गति मिलने की उम्मीद है।