प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से प्रारंभ होगा “सेवा संकल्प अभियान”

संभागीय आयुक्त श्री खत्री ने विभागीय अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

ग्वालियर 03 सितम्बर 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से प्रारंभ होगा “सेवा संकल्प अभियान”। यह अभियान 17 अक्टूबर तक संचालित किया जायेगा। अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया जायेगा। संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री ने गूगल मीट के माध्यम से संभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों को करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 
    संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री ने कहा है कि सम्पूर्ण देश में 17 सितम्बर से प्रारंभ होने वाला “सेवा संकल्प अभियान” सम्पूर्ण प्रदेश की तरह ग्वालियर संभाग में भी पूरी गरिमा के साथ आयोजित हो, इसके लिये सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों के संचालन की सभी तैयारियां पूर्ण कर लें। अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों के संबंध में संबंधित विभाग के माध्यम से दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। 
    “सेवा संकल्प अभियान” के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। इनमें आशीर्वाद का दीया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, वड़नगर से वाराणसी, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार, रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट तक शामिल हैं।