मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व विधायक स्व. श्री बाबू रघुवीर सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण
आकाशवाणी तिराहे का नाम “रघुवीर सिंह तिराहा” करने की घोषणा
हर श्वास समाज के उत्थान के लिए समर्पित हो - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आकाशवाणी तिराहे पर पूर्व विधायक एवं नगर निगम परिषद के पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वर्गीय श्री बाबू रघुवीर सिंह की प्रतिमा का रिमोट का बटन दबाकर अनावरण किया। साथ ही स्व. श्री रघुवीर सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रृद्धांजलि प्रदान की । इस मौके पर केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर घोषणा की कि आकाशवाणी तिराहा अब स्वर्गीय श्री बाबू रघुवीर सिंह तिराहा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में कहा कि मनुष्य की प्रत्येक श्वास की गिनती है। समय निरंतर गुजरता रहता है। हमें अपने जीवन में मिले समय का सदुपयोग कर समाज के उत्थान व जनकल्याण में अपनी सार्थक भूमिका निभानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी नागरिकों को हलधर बलराम जयंती एवं जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने स्व. बाबू रघुवीर सिंह का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने महात्मा गांधी के मार्ग पर चलते हुए स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रमिक हों या किसान वर्ग, सभी के हितों और अधिकारों के लिए उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने जीवनभर समाज को स्वावलंबी बनाने की दिशा में कार्य किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज का दिन ग्वालियर के लिए एक अत्यंत भावुक क्षण भी है। स्वर्गीय श्री रघुवीर सिंह की प्रतिमा का अनावरण कर हम अपने गौरवशाली अतीत को स्मरण कर रहे हैं और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
बाबूजी राजनेता कम, समाजसेवक अधिक थे : केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया
केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में ग्वालियर को असीम स्नेह और प्रेम मिला है। उन्होंने कहा मेरे लिए आज का दिन अत्यंत भावुक है, क्योंकि बाबूजी को मैंने बाल्यावस्था से देखा था। श्री सिंधिया ने कहा कि स्वर्गीय बाबू रघुवीर सिंह का जीवन समाज और राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा। वे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के घर-घर जाकर उनके परिवारजनों की सेवा किया करते थे। स्वतंत्रता आंदोलन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
श्री सिंधिया ने कहा कि कृषि विषय में शिक्षा प्राप्त करने के बाद बाबूजी ने किसानों के हितों के लिए भी अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने अपना जीवन किसान एवं समाज की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। बाबूजी राजनेता कम और समाजसेवक अधिक थे।
बाबूजी ने श्रमिकों और समाज के लिए जीवन भर संघर्ष किया : विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर
विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि स्वर्गीय बाबू रघुवीर सिंह एक सच्चे श्रमिक नेता थे और उनका पूरा जीवन श्रमिकों के हितों एवं अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए बीता। उनके साथ मेरे आत्मीय संबंध रहे हैं। खुशी की बात है मुझे आज उनकी प्रतिमा के अनावरण अवसर पर साक्षी होने का मौका मिला है।
श्री तोमर ने कहा कि मुरार और थाटीपुर क्षेत्र के विकास के लिए हम दोनों ने कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया। उनका संपूर्ण जीवन समाज के प्रति समर्पित रहा। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय बाबू रघुवीर सिंह को नमन करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में स्व. रघुवीर सिंह बाबूजी के सुपुत्र श्री रामसुंदर सिंह (रामू) ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिधिया एवं विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के विशेष सहयोग से ही मेरे पूज्य पिताजी की प्रतिमा का अनावरण हुआ है। मैं और मेरा पूरा परिवार इसके लिये सदैव ऋणी रहेगा। कार्यक्रम में श्री बाल खाण्डे ने स्व. रघुवीर सिंह बाबूजी के जीवन के बारे में जानकारी दी।
प्रतिमा अनावरण समारोह में यह रहे मौजूद
प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला, क्षेत्रीय सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह, राज्य सभा सांसद श्री अशोक सिंह, नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर, विधायक श्री प्रीतम लोधी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री निशांत खरे सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मंचासीन थे। साथ ही प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



