नई दिल्ली। नीट परीक्षा में कथित धांधली को लेकर जारी विवाद के बीच केंद्र सरकार और 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के बीच बातचीत का पहला दौर सकारात्मक माहौल में संपन्न हुआ। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को विट्ठल पटेल हाउस में CJP प्रतिनिधिमंडल के साथ करीब दो घंटे तक बैठक कर परीक्षा प्रणाली में सुधार और छात्रों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के बाद जेपी नड्डा ने बताया कि CJP प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के समक्ष तीन प्रमुख मांगें और परीक्षा सुधार से जुड़े पांच सुझाव प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इन सभी बिंदुओं पर विचार करेगी और शनिवार दोपहर फिर से प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर अपना पक्ष स्पष्ट करेगी।
बैठक में CJP की ओर से मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका शामिल हुए। संगठन ने पहले ही शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई नहीं करने और प्रभावित छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने की मांग रखी है, जबकि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर भी वह कायम है। वहीं, 26 दिनों से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक ने सरकार की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद अपना भूख हड़ताल समाप्त कर दिया।






