ग्वालियर। जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरे 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर सुबह करीब 7 बजे एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने विक्की फैक्ट्री तिराहा, हुरावली चौराहा सहित शहर की सीमा पर स्थित विभिन्न तिराहों और चौराहों पर छापेमारी की।
प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम यादव ने बताया कि कार्रवाई के दौरान झांसी रोड थाना क्षेत्र से 7 तथा सिरोल थाना क्षेत्र से 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई हैं। सभी जब्त वाहनों को संबंधित पुलिस थानों की अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अवैध एवं ओवरलोड रेत परिवहन में लिप्त लोगों के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में एसडीएम अतुल सिंह, तहसीलदार कुलदीप दुबे, प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम यादव, राजस्व विभाग तथा पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






