मुरैना, 25 अगस्त 2026/ मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुरैना श्रीमती संगीता मदान द्वारा 25 अगस्त 2026 को जिला जेल मुरैना, बाल सम्प्रेक्षण गृह एवं शिशु गृह का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर संबंधित संस्थाओं में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
निरीक्षण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम के दौरान श्रीमती संगीता मदान ने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं विधिक सलाह, प्ली बारगेनिंग तथा उनके विधिक अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध विधिक सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा अपने अधिकारों एवं विधिक प्रावधानों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा संस्थाओं में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही, संस्थाओं में रह रहे व्यक्तियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली गई।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मुरैना, न्यायाधीश/रजिस्ट्रार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुरैना, जिला विधिक सहायता अधिकारी मुरैना, उपाधीक्षक जिला जेल मुरैना सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






