ग्वालियर, 25 अगस्त 2026/ रक्षाबंधन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर ग्वालियर जिले में दूध एवं दूध से बने खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने ग्वालियर एवं डबरा में विभिन्न मिष्ठान प्रतिष्ठानों की जांच कर मिल्ककेक, मावा, बर्फी, बूंदी के लड्डू, पेड़ा, मैसूर पाक, बेसन के लड्डू, घेवर एवं मैदा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इस दौरान पुरानी छावनी में कार्रवाई करते हुए 4,526 किलोग्राम मिल्ककेक, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 24 हजार 160 रुपये है, नियमानुसार जब्त किया गया।
    अपर कलेक्टर श्री अनिल बनवारिया को प्राप्त सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को पुरानी छावनी भेजा गया। टीम ने मुखबिर की सूचना पर वाहन क्रमांक एमपी 06 जीए 3281 को रोककर जांच की। वाहन में बड़ी मात्रा में मिल्ककेक पाया गया। पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि मिल्ककेक मनिया, राजस्थान तथा मुरैना से लोड कर ग्वालियर के माध्यम से ट्रांसपोर्ट द्वारा अन्य जिलों में सप्लाई किया जाना था। वाहन चालक द्वारा मिल्ककेक के स्वामी के रूप में मुरैना निवासी सुरेशचंद्र गुप्ता का नाम बताया गया।
    खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता ने वाहन में रखे राधिका ब्रांड एवं देवकी ब्रांड के मिल्ककेक के नमूने लिए तथा कुल 4,526 किलोग्राम मिल्ककेक नियमानुसार जब्त किया। विभाग द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि परिवहन के माध्यम से लाए गए मिल्ककेक की आपूर्ति एवं वितरण में कौन-कौन व्यक्ति संलिप्त हैं। लिए गए नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
    इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री आनंद शर्मा ने गोपालदास स्वीट्स, बहोड़ापुर से बर्फी एवं बेसन के लड्डू तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री लखनलाल कोरी ने सुभाष मिष्ठान भंडार, शिंदे की छावनी से मैदा एवं मिल्ककेक के नमूने लिए।