नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के बीच जारी गतिरोध के बीच गुरुवार को सरकार ने कहा कि वह किसी भी समय बातचीत के लिए तैयार है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि पिछले 24 घंटे के दौरान CJP को भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के आवास या कार्यालय पर बातचीत के लिए चार बार आमंत्रित किया गया, लेकिन संगठन ने सभी प्रस्ताव अस्वीकार कर दिए।

CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि यदि सरकार बातचीत करना चाहती है तो जंतर-मंतर या किसी तटस्थ स्थान पर वार्ता करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन किसी राजनीतिक दल के कार्यालय या नेता के आवास पर बातचीत के लिए नहीं जाएगा।

इधर, नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने कनॉट प्लेस स्थित सभी दुकानें, कार्यालय और रेस्टोरेंट गुरुवार शाम 6:30 बजे तक बंद रखने की अपील की है।

उल्लेखनीय है कि जंतर-मंतर पर CJP के नेतृत्व में छात्रों का प्रदर्शन 20 जून से जारी है। प्रदर्शनकारी NEET पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। आंदोलन से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक 28 जून से अनशन पर हैं और वर्तमान में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं।