नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को संसद भवन परिसर के बाहर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखा राजनीतिक टकराव देखने को मिला। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
दूसरी ओर, एनडीए सांसद भी विरोध प्रदर्शन के लिए मैदान में उतर आए। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा एनडीए सांसदों के काफी करीब पहुंच गईं, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
एनडीए सांसद 21 जुलाई को प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी द्वारा किए गए धरने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे, जबकि इंडिया ब्लॉक NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहा है।
संसद के भीतर भी विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच लगातार हंगामा जारी रहा। शोर-शराबे के कारण पहले लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित की गई। दोपहर बाद कार्यवाही शुरू होने पर भी हंगामा नहीं थमा, जिसके बाद दोनों सदनों की कार्यवाही शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।






