नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। सबसे दर्दनाक हादसा हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में हुआ, जहां उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास हुए भूस्खलन की चपेट में एक टाटा सूमो टैक्सी आ गई। वाहन में सवार 15 लोगों में से 13 की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
वहीं गुजरात में मूसलाधार बारिश के कारण कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। वलसाड के उमरगाम में 16 घंटे के भीतर 43 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि नवसारी में बाढ़ में फंसे लोगों को हेलिकॉप्टर के जरिए सुरक्षित निकाला गया। अहमदाबाद, सूरत सहित कई शहरों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित है और कई बाजार पानी में डूब गए हैं।
उधर उत्तर प्रदेश में गंगा, यमुना समेत 10 नदियां उफान पर हैं, जबकि राजस्थान के 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने प्रभावित राज्यों में अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है।


