नई दिल्ली। NEET-UG पेपर लीक विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर केंद्र सरकार ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का कोई सवाल नहीं है और पूरी पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार का कहना है कि जनता ने काम करने का जनादेश दिया है, इसलिए जिम्मेदारी से पीछे हटने के बजाय व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, सरकार का मानना है कि इस्तीफा देना सबसे आसान रास्ता है, लेकिन वास्तविक समाधान परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाना है। इसी दिशा में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की व्यवस्थागत कमियों की विस्तृत समीक्षा की जा रही है और जल्द सुधारात्मक कदम लागू किए जाएंगे। साथ ही पेपर लीक नेटवर्क पर कार्रवाई जारी है और कई गिरोहों का पर्दाफाश किया जा चुका है।
उधर, 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने स्पष्ट किया है कि वह धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग से पीछे नहीं हटेगी। संगठन ने प्रदर्शनकारियों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने, कथित पुलिस कार्रवाई पर सार्वजनिक माफी, NEET प्रभावित परिवारों को मुआवजा और परीक्षा सुधारों सहित अपनी अन्य मांगों पर भी सरकार से ठोस निर्णय लेने की बात कही है। दोनों पक्षों के बीच आगे की बातचीत पर अब सबकी नजरें टिकी हैं।


